इंदौर । खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में इंदौर के प्रेस्टीज सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस इन फिल्म्स एंड डिजिटल कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी कुशलता और रचनात्मकता का लोहा मनवाते हुए विभिन्न श्रेणियों में प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर संस्थान के कलश बड़जात्या को महिला सशक्तिकरण पर आधारित उनकी वेब सीरीज़ ‘पहचान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के सम्मान से नवाजा गया। वहीं, समाचार पत्र की कार्यप्रणाली को बारीकी से दर्शाने वाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘समाचार पत्र’ के लिए अनुराग शरण ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (डॉक्यूमेंट्री) का खिताब जीता।
फिल्म निर्माण के तकनीकी पहलुओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छात्रा हुसेना कागदी ने सर्वश्रेष्ठ संपादन एवं सर्वश्रेष्ठ छायांकन के दो महत्वपूर्ण पुरस्कार हासिल किए। इसी क्रम में भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदा और मानवीय जिजीविषा को दर्शाने वाली शॉर्ट फिल्म ‘खामोश पुकार’ के लिए नुशंक साहू को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार प्रदान किया गया। बॉलीवुड अभिनेता राजा बुंदेला ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।
इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रेस्टीज एजुकेशन फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. डेविश जैन और पीआईएमआर यूजी के डायरेक्टर कर्नल एस. रमन अय्यर ने इसे संस्थान की कौशल-आधारित शिक्षा और उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण की जीत बताया। सेन्टर हेड डॉ. ज़ुबैर ख़ान के मार्गदर्शन में निर्मित इन फिल्मों की सफलता ने डिजिटल कम्युनिकेशन के क्षेत्र में इंदौर का गौरव बढ़ाया है।

