स्कूली बच्चों के अवैध परिवहन पर आरटीओ की कार्रवाई, चार वाहन जब्त

इंदौर

:: मारुति वैन और ऑटो पर शिकंजा, 23 हजार रुपए का जुर्माना वसूला ::
इंदौर । स्कूली बच्चों के अवैध और असुरक्षित परिवहन पर लगाम लगाने के लिए आरटीओ इंदौर ने शनिवार सुबह विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ता और आरटीओ की टीम ने विभिन्न स्कूल मार्गों पर वाहनों की जांच की।
आरटीओ इंदौर प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ता प्रभारी परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले के नेतृत्व में टीम ने मारुति वैन, ऑटो रिक्शा और स्कूल बसों की सघन जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन मारुति ओमनी वैन और एक ऑटो रिक्शा जब्त किया गया।
जांच के दौरान मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन पर वाहन संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और 23 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
अधिकारियों ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, बिना दस्तावेजों के वाहन संचालन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।
संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ते ने सभी स्कूल वाहन संचालकों से मोटरयान अधिनियम और स्कूल वाहन सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।