प्लास्टिक के खिलाफ इंदौर की ‘ग्रीन वॉक’; आज रीजनल पार्क से

इंदौर

:: ‘आधा किलो प्लास्टिक लाओ, एक पौधा ले जाओ’ अभियान का समापन; प्रतिभागियों को मिलेंगे ग्रीन वॉरियर मेडल और पौधे ::
इंदौर । सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम के ‘आधा किलो प्लास्टिक लाओ, एक पौधा ले जाओ’ अभियान का सोमवार, 31 अगस्त को ‘ग्रीन वॉक’ के साथ समापन होगा। ‘वॉक फॉर ए ग्रीन टुमॉरो’ सुबह 11 बजे रीजनल पार्क से निकलेगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल की मौजूदगी में होने वाली इस पदयात्रा में सामाजिक संस्थाओं, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और शहरवासियों की सहभागिता रहेगी।
एमआईसी सदस्य एवं स्वच्छता तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग के प्रभारी अश्विनी शुक्ला ने बताया कि ग्रीन वॉक में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को ‘ग्रीन वॉरियर मेडल’ और एक पौधा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण कम करने के साथ नागरिकों को कचरे के पुनर्चक्रण और पौधरोपण के लिए प्रेरित करना है।
:: 15 आरआरआर केंद्रों पर चला अभियान ::
‘आधा किलो प्लास्टिक लाओ, एक पौधा ले जाओ’ अभियान 20 से 30 अगस्त तक शहर के 15 आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) केंद्रों पर चलाया गया। नागरिकों ने सिंगल यूज प्लास्टिक जमा कर उसके बदले पौधे प्राप्त किए। पलासिया स्क्वायर स्थित आरआरआर केंद्र पर सबसे अधिक नागरिकों ने सहभागिता की।
अभियान के जरिए नगर निगम ने प्लास्टिक कचरे के संग्रहण और पुनर्चक्रण को नागरिक भागीदारी से जोड़ा। ग्रीन वॉक के माध्यम से प्लास्टिक का उपयोग घटाने और शहर में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।