जेपी नड्डा की बिगड़ी तबीयत, एम्स दिल्ली में भर्ती

देश-विदेश

बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
नई दिल्ली । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को बेचैनी महसूस होने के बाद गुरुवार शाम को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नड्डा की आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई, जिसमें कोरोनरी एंजियोग्राफी समेत कई परीक्षण शामिल हैं।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को बेचैनी की शिकायत के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांचों के बाद एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में विशेष निगरानी में रखा गया है। एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका बेहतर इलाज कर रही है। उनका एंजियोग्राफी टेस्ट भी किया गया था। इस परीक्षण से हृदय की धमनियों की स्थिति का आंकलन करने में मदद मिलती है। एम्स दिल्ली ने स्वास्थ्य संबंधी अपडेट जारी करते हुए बताया कि जेपी नड्डा की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखने के लिए अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। फिलहाल उनकी हालत को लेकर किसी तरह की गंभीर स्थिति की जानकारी सामने नहीं आई है। केंद्रीय मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद से उनके स्वास्थ्य को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हल्कों में चिंता जाहिर करते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है।