वंदे मातरम विवाद पर दी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली । राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के विदेशी मूल पर तीखी टिप्पणी कर नया विवाद खड़ा किया है। उन्होंने सोनिया गांधी पर वंदे मातरम गाने का कथित विरोध करने का आरोप लगाकर उनकी रगों में इटैलियन खून होने की बात कह दी।
रिपोर्ट के अनुसार, भारी उद्योग और इस्पात मंत्री कुमारस्वामी ने कहा, सोनिया गांधी से और क्या उम्मीद की जा सकती है? क्या सोनिया गांधी हमारे देश की हैं? वे शादी के बाद हमारे देश आईं। उनकी रगों में इटैलियन खून ही दौड़ रहा है, है ना? उन्होंने कांग्रेस पर वंदे मातरम को नापसंद करने का आरोप लगाकर पार्टी नेताओं से मुद्दे पर संकीर्ण सोच न दिखाने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी के बयान पर कर्नाटक सरकार में मंत्री रिज़वान अरशद ने पलटवार कर उन्हें हताश व्यक्ति बताया। मंत्री अरशद ने कहा, कुमारस्वामी एक हताश व्यक्ति हैं। अगर वे सोनिया गांधी के बारे में इस तरह की बातें करते हैं, तब उन्हें पता होना चाहिए कि वह कई भारतीयों से कहीं ज़्यादा भारतीय हैं। उनके पति राजीव गांधी ने इस देश के लिए अपनी जान दी और वह एक एकजुट व न्यायपूर्ण भारत के लिए लड़ रही हैं।
अगले दिन, कुमारस्वामी ने फिर अपने बयान पर ज़ोर देकर पूछा कि सोनिया गांधी ने क्या त्याग किया है। उन्होंने कहा, उनके पति ने त्याग किया है, हाँ, लेकिन उन्होंने क्या त्याग किया है? उन्होंने इसका (वंदे मातरम का) अनादर किया। वह ज़ाहिर तौर पर भारतीय नहीं हैं, वह इटैलियन महिला हैं। उन्होंने एक भारतीय नागरिक से शादी की। वह इटली से हैं। इसीलिए सोनिया गांधी भारतीय भावनाओं का विरोध कर रही हैं। कुमारस्वामी ने याद दिलाया कि वंदे मातरम कांग्रेस के उस अधिवेशन में गाया गया था जिसमें महात्मा गांधी ने हिस्सा लिया था और रवींद्रनाथ टैगोर ने भी इस गाया था। यह टिप्पणी राष्ट्रीय गीत और भारतीयता पर एक नई राजनीतिक बहस का कारण बन गई है।

