भारतीय डाक विभाग ने मनाया संविधान दिवस, संविधान अपनाने की 77वीं वर्षगांठ पर किया संविधान की उद्देशिका का पाठ और वाचन
संविधान हमारे लोकतंत्र की नींव और राष्ट्र की प्रगति का पथप्रदर्शक – पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव
अहमदाबाद । भारतीय डाक विभाग द्वारा उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के सभी डाकघरों और प्रशासनिक कार्यालयों में 26 नवंबर, 2026 को संविधान दिवस मनाया गया। क्षेत्रीय कार्यालय, अहमदाबाद में पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने संविधान अंगीकरण की 77वीं वर्षगांठ पर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ, संविधान की उद्देशिका का पाठ और वाचन किया। सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने उद्देशिका दोहराते हुए संविधान में निहित आदर्शों व मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की नींव, राष्ट्रीय एकता का आधार और देश की प्रगति का पथप्रदर्शक है। यह हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मौलिक आदर्शों से जोड़ते हुए अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता से निर्मित यह महान दस्तावेज प्रत्येक नागरिक को सशक्त और जिम्मेदार राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों को अपने आचरण में उतारना और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, संविधान सभा में 26 नवंबर 1949 को भारत के संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया गया था। करीब 2 साल 11 माह और 17 दिन की कठोर मेहनत के बाद संविधान को अंतिम रूप दिया गया। उसके मूल स्वरूप में 395 अनुच्छेद, 8 अनुसूचियां और लगभग 1,45,000 शब्द शामिल थे, जिससे यह अब तक का सबसे विस्तृत राष्ट्रीय संविधान बना। बाद में 19 नवंबर 2015 को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अधिसूचना द्वारा 26 नवंबर को प्रतिवर्ष ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक, रेल डाक सेवा पीयूष आर राजक, प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगरदीवे, डाक अधीक्षक विपुल गुप्ता, राजेद्रप्रसाद सैनी, एच सी परमार, एस के वर्मा, राजेन्द्रपुरी गोस्वामी, पी जे सोलंकी, सहायक निदेशक वारिस वहोरा, रितुल गाँधी, अल्पेश शाह, दर्शन तपस्वी, अरबिंदकुमार रमण, एम एच हरन, सुश्री किंजल शाह, सहायक अधीक्षक आर टी पटेल, जगदीश जिद, निरीक्षक सुश्री पायल पटेल, दक्षेश चौहान, भाविन प्रजापति सहित तमाम अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान दिवस पर शपथ ली।

