आईपीएल जरूरी, लेकिन क्रिकेट में गहराई टेस्ट से आती है : श्रीनाथ

खेल मध्य प्रदेश

:: इंदौर में एमपीसीए पुरस्कार समारोह के बाद बोले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज; युवा खिलाड़ियों को टी-20 के साथ टेस्ट खेलने की सलाह ::
इंदौर (ईएमएस)। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने युवा क्रिकेटरों को टी-20 के साथ टेस्ट क्रिकेट पर भी ध्यान देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आईपीएल महत्वपूर्ण है, लेकिन यदि खेल में गहराई चाहिए तो वह पांच दिवसीय क्रिकेट में है। यही वजह है कि टेस्ट क्रिकेट को सभी प्रारूपों की जननी कहा जाता है।
श्रीनाथ बुधवार रात इंदौर में मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी के लिए टी-20 प्रारूप में ढलना अपेक्षाकृत आसान होता है, लेकिन टी-20 खेलने वाले खिलाड़ी के लिए टेस्ट क्रिकेट में आना उतना आसान नहीं है। इसलिए युवा खिलाड़ियों को लंबे प्रारूप में खुद को तैयार करने के साथ टी-20 क्रिकेट भी खेलना चाहिए।
:: युवा खिलाड़ियों को सही दिशा देने की जरूरत ::
श्रीनाथ ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को सही दिशा देने में राज्य क्रिकेट संघों, माता-पिता और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलना जरूरी है, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सकें।
श्रीनाथ वर्तमान में आईसीसी के मैच रेफरी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
:: एमपीसीए ने बांटे 2.94 करोड़ रुपये ::
एमपीसीए के वार्षिक पुरस्कार समारोह का आयोजन बुधवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में किया गया। समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया मौजूद रहे। इस दौरान खिलाड़ियों, टीमों और क्रिकेट से जुड़े लोगों को पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि सहित कुल करीब 2.94 करोड़ रुपये वितरित किए गए।
समारोह में प्रशांत मेहता को ‘माधवराव सिंधिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’, जबकि आनंद पटेल को ‘सी.टी. सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया।