मशहूर गीतकार, गायक, अभिनेता और लेखक स्वानंद किरकिरे और लोकप्रिय संगीतकार एवं कंपोज़र शेखर रवजियानी पहली बार एक इंडिपेंडेंट म्यूज़िक प्रोजेक्ट ‘माटी’ के लिए साथ आए हैं।
‘माटी’ एक खूबसूरत और दिल को छू लेने वाला रोमांटिक म्यूज़िकल प्रोजेक्ट है, जिसमें स्वानंद के भावुक और खूबसूरत बोल व आवाज़ और शेखर का संगीत सुनने को मिलेगा। यह प्रोजेक्ट प्यार, यादों और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। खास बात यह है कि दोनों कलाकारों ने इस कलेक्शन के हर गाने को एक बारिश की बूंद के रूप में सोचा है। हर गाना एक अलग ‘बूंद’ है और ये सभी बूंदें मिलकर ‘माटी’ बनाती हैं। इस छह गानों की सीरीज़ की पहली ‘बूंद’ यानी ‘पियरवा’ होगी।‘माटी’ का विचार करीब 12 साल पहले आया था। एक बारिश भरी दोपहर में स्टूडियो में काम खत्म करने के बाद स्वानंद और शेखर एक कॉफी शॉप में बैठे थे। वहां दोनों के बीच कुछ नया, अलग और पारंपरिक तरीके से हटकर संगीत बनाने को लेकर बातचीत हुई। इसी बातचीत के दौरान ‘माटी’ का विचार जन्मा।

