‘मन की बात’ में मोदी की युवाओं से अपील- नशामुक्ति अभियान को दें रचनात्मक गति

मध्य प्रदेश

:: स्लोगन, गीत, जिंगल, शॉर्ट प्ले और डिजिटल कंटेंट बनाकर जुड़ें युवा; मुख्यमंत्री यादव बोले- देश में तेजी से बढ़ रहा अभियान ::
भोपाल/इंदौर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को रचनात्मक ताकत देने की अपील की है। रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण में उन्होंने युवाओं से स्लोगन, गीत, जिंगल, शॉर्ट प्ले, ग्राफिक्स और डिजिटल कंटेंट तैयार कर नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
मोदी ने कहा कि अभियान का लक्ष्य नशामुक्त युवा और ड्रग फ्री इंडिया है। नशे की लत केवल व्यक्ति को प्रभावित नहीं करती, बल्कि परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणाम झेलने पड़ते हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और इसकी लत से जूझ रहे लोगों की मदद करने वालों की सराहना की।
:: अलग-अलग भाषाओं में बने नशामुक्ति का संदेश ::
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अलग-अलग भाषाओं में प्रभावी कंटेंट तैयार करने को कहा। युवा संगीतकारों से ड्रग फ्री लाइफ का संदेश देने वाले गीत तथा विद्यार्थियों और थिएटर समूहों से नशे के खतरों और उससे बाहर निकलने के रास्ते बताने वाले लघु नाटक तैयार करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि रचनात्मक प्रयास कई बार औपचारिक अभियानों से अधिक असरदार हो सकते हैं। युवाओं से अपने प्रयास सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील भी की।
:: 100 सप्ताह चलेगा अभियान ::
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभियान 2 अगस्त से शुरू हुआ है और 100 सप्ताह तक चलेगा। इसके तहत प्रत्येक रविवार समाजसेवा और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे की रोकथाम के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।