:: ‘शरदामृत’ के तहत पिवडाय में वृक्षारोपण; 103 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी ने भी रोपा पौधा ::
इंदौर । डॉ. शरद पंडित के जीवन के 75वें वर्ष का उत्सव सेवा और प्रकृति संरक्षण के संकल्प के साथ शुरू हुआ। रविवार को ग्राम पिवडाय में आशादीप सेवा प्रकल्प ट्रस्ट के तहत हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम में डॉ. पंडित ने परिवार और मित्रों के साथ 75 पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में 103 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नरेंद्र सिंह तोमर ने भी पौधा रोपा। ग्राम सरपंच रचना माखन गोखले परिवार सहित उपस्थित रहीं। मेहमानों को भी 75 पौधे स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किए गए।
वृक्षारोपण के बाद बच्चों और युवाओं ने खेलकूद में हिस्सा लिया, जबकि वरिष्ठजनों ने ग्रामीण परिवेश में पारंपरिक भोजन का आनंद लिया।
:: 26 साल से सेवा में आशादीप ट्रस्ट ::
आशादीप सेवा प्रकल्प ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. शरद पंडित ने बताया कि वर्ष 2000 में स्थापित ट्रस्ट गरीब मरीजों को नि:शुल्क उपचार, स्कूली छात्रों के स्वास्थ्य की देखभाल और जरूरतमंदों के लिए अन्नक्षेत्र जैसी सेवाएं संचालित करता है। डॉक्टर, समाजसेवी और उद्योगपति भी ट्रस्ट से जुड़े हैं। 26 वर्षों से सेवा का यह सिलसिला जारी है।
डॉ. पंडित के 75वें वर्ष के अवसर पर परिवार और मित्रों ने वर्षभर होने वाले आयोजनों को ‘शरदामृत’ नाम दिया है। वृक्षारोपण इसी श्रृंखला की शुरुआत है।

