:: 13वीं जीएफजी शूटिंग चैंपियनशिप में वीर रायफल शूटिंग सोसायटी को दो स्वर्ण; कृष्णम यादव ने अकेले जीते 7 पदक ::
इंदौर । जबलपुर में आयोजित 13वीं जीएफजी शूटिंग चैंपियनशिप में इंदौर की वीर रायफल शूटिंग सोसायटी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित कुल 30 पदक अपने नाम किए। सात दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से आए निशानेबाजों के बीच इंदौर के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में दमदार प्रदर्शन किया।
सोसायटी के कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में कृष्णम यादव सबसे सफल निशानेबाज रहे। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में दो स्वर्ण और पांच रजत सहित सात पदक जीते। कृष्णा ठाकुर ने 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में चार, गीतांशी अव्हाड़ ने 10 मीटर एयर रायफल में तीन और कर्णिका मिथास ने दो पदक हासिल किए।
मास्टर वर्ग में विद्या शर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल मास्टर वुमन और आशीष जैकब ने मास्टर मैन वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं वीर हंस शर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ पुरुष वर्ग तथा प्रियांशी जोशी ने 10 मीटर आईएसएसएफ एयर पिस्टल महिला वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
देशभर के विभिन्न संस्थानों से आए निशानेबाजों के बीच सोसायटी के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन खास रहा। अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों की सफलता से सोसायटी के खाते में पदकों की संख्या 30 तक पहुंची।
इस उपलब्धि पर एमपी स्टेट रायफल एसोसिएशन के सचिव राकेश गुप्ता ने सभी निशानेबाजों और कोच सतीश शर्मा को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

