एशिया के सबसे स्वच्छ गांव मौलिन्नोंग पहुंचे इंदौर के 42 अग्रवाल युवा

इंदौर

:: मेघालय के गांव की स्वच्छता, हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखा; पूर्वोत्तर की सात दिवसीय यात्रा पर है दल ::
इंदौर । देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के 42 अग्रवाल युवा मंगलवार को मेघालय के मौलिन्नोंग गांव पहुंचे, जिसे एशिया के सबसे स्वच्छ गांव के रूप में प्रसिद्धि मिली है। ईस्ट खासी हिल्स में बसे मौलिन्नोंग की साफ-सफाई, हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता ने दल के सदस्यों को प्रभावित किया। युवाओं ने गांव के प्राकृतिक परिवेश और स्थानीय जीवनशैली को करीब से जाना।
अग्रसेन यूथ क्लब के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता एवं सचिव सौरभ गोयल बालाजी ने बताया कि क्लब के सदस्य परिवार के साथ पूर्वोत्तर भारत की सात दिवसीय यात्रा पर हैं। दल में अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष गोविन्द सिंघल मामा सहित प्रयोग गर्ग, किशन गुप्ता, विनोद बागड़ी, रितेश मित्तल, शरद गोयल, शिरीष गोयल, महेश अग्रवाल, अजय ईजिओ और सुनील बद्रुका सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।
30 अगस्त को इंदौर से शुरू हुई यात्रा में असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय सहित पूर्वोत्तर के विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया जा रहा है। मौलिन्नोंग में दल ने गांव की स्वच्छता व्यवस्था के साथ उसकी हरियाली और प्राकृतिक परिवेश को भी देखा। इंदौर से पहुंचे युवाओं के लिए मौलिन्नोंग का अनुभव यात्रा का खास आकर्षण रहा।
:: मालवांचल के लिए अच्छी वर्षा की कामना ::
यात्रा के संयोजक राजीव बांकड़ा एवं अंकित काका के मार्गदर्शन में दल विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर समाज और राष्ट्र में सुख, शांति एवं सद्भाव की कामना के साथ प्रार्थना कर रहा है। सदस्यों ने मालवांचल में अच्छी वर्षा की कामना भी की।
सात दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद दल रविवार तक इंदौर लौटेगा।