छठ पूजा के लिए भोपाल के 80 घाट-कुंड तैयार, सरयू सरोवर पार्क में बने नए घाट

मध्य प्रदेश

नगर निगम ने घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई कर संवारा, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, रोशनी, चेंजिंग रूम और सुरक्षा के इंतजाम
भोपाल । छठ पूजा के मद्देनजर नगर निगम ने शहर में तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम ने प्रमुख छठ पूजा घाटों और कुंडों की मरम्मत, संधारण तथा रंगाई-पुताई कर उन्हें आकर्षक स्वरूप प्रदान किया है। घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों और आसपास के क्षेत्रों को भी व्यवस्थित किया गया है। इस वर्ष नगर निगम सीमा में करीब 80 स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन होंगे।
महापौर मालती राय और निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर निगम के यांत्रिक विभाग ने प्रेमपुरा, एकतापुरी, बैरागढ़ झूलेलाल विसर्जन घाट, बैरागढ़ कला, अमराई और सरयू सरोवर पार्क सहित सभी प्रमुख घाटों पर आवश्यक मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया है।
अयोध्या नगर स्थित सरयू सरोवर पार्क में निगम ने नए छठ पूजा घाटों का निर्माण भी कराया है। इसके आसपास के क्षेत्र को भी आकर्षक रूप दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए निगम के स्वास्थ्य, जलकार्य, विद्युत, उद्यान विभाग और झील संरक्षण प्रकोष्ठ को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। घाटों पर विशेष साफ-सफाई के साथ पर्याप्त पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती, चेंजिंग रूम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।
निगम प्रशासन का कहना है कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।