:: पिछली बार भतीजे के उपचार के लिए मांगी थी मदद; इस बार पुष्पगुच्छ लेकर कलेक्टर के पास पहुंचीं ::
इंदौर । जनसुनवाई में मदद की गुहार लगाने वाली राधा सेन मंगलवार को पुष्पगुच्छ लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा का आभार जताने पहुंचीं। कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में भतीजे गौतम के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से इलाज का खर्च जुटाना मुश्किल था। राधा ने पिछली जनसुनवाई में कलेक्टर के सामने समस्या रखी थी। कलेक्टर के निर्देश पर उपचार के लिए सहायता मिली और गौतम का इलाज हो सका।
राधा ने बताया कि उस समय परिवार के सामने भतीजे के इलाज का संकट था। प्रशासन से मिली मदद से समय पर उपचार कराया जा सका। इसी के लिए वे मंगलवार को कलेक्टर से मिलीं और पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया।
:: दो और परिवारों को मिली राहत, बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठेगा ::
जनसुनवाई में रोशनी अहिरवाल ने पति से तलाक के बाद अकेले दो बच्चों की जिम्मेदारी संभालने और आर्थिक तंगी के कारण उनकी पढ़ाई जारी रखने में आ रही परेशानी बताई। कलेक्टर ने दोनों बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने और रोशनी को 12 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
शालू राठौर ने पति की मृत्यु के बाद परिवार में आय का कोई साधन नहीं होने की समस्या रखी। कलेक्टर ने उन्हें 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
मंगलवार को हुई साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से 300 से अधिक आवेदन आए। प्लॉट और संपत्ति विवाद, पारिवारिक मामले, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण इनमें प्रमुख रहे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ और वास्तविक राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का संवेदनशीलता से परीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

