एम्स भोपाल के डॉ. अभिनव सिंह ने राष्ट्रीय कार्यशाला में हाइपोस्पेडियास सर्जरी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया

मध्य प्रदेश

भोपाल ।एम्स भोपाल निरंतर उन्नत चिकित्सा सेवाओं और विशेषज्ञ सर्जिकल देखभाल के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है, जिससे आम नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। इसी क्रम में बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अभिनव सिंह ने हैदराबाद में आयोजित एक लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप के माध्यम से हाइपोस्पेडियस सर्जरी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसके लिए उन्हें प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ, प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने डॉ. अभिनव को बधाई दी।
हाइपोस्पेडियस एक सामान्य जन्मजात विकृति है, जो लगभग प्रत्येक 200 जन्मों में से एक में पाई जाती है, जिसमें पेशाब का रास्ता अपने सामान्य स्थान (लिंग के अग्र भाग) के बजाय नीचे की ओर स्थित होता है। कई मामलों में इसके साथ कॉर्डी नामक समस्या भी होती है, जिसमें लिंग में टेढ़ापन आ जाता है, जिसे सर्जरी के माध्यम से ठीक किया जाता है ताकि सामान्य और कार्यात्मक परिणाम प्राप्त हो सकें।
संस्थान में प्रत्येक गुरुवार को एक विशेष हाइपोस्पेडियस क्लिनिक संचालित किया जा रहा है, जहां मरीजों का समग्र मूल्यांकन और उपचार किया जाता है। रोग की गंभीरता और प्रकार के आधार पर सर्जरी एक या एक से अधिक चरणों में की जाती है। हाइपोस्पेडियस सर्जरी पहले से ही यूरोलॉजी और पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में की जा रही है। एम्स भोपाल में पूर्व में भी कई सफल सर्जरी की जा चुकी हैं, जिनमें मूत्रमार्ग को सामान्य स्थिति में पुनर्निर्मित किया गया है। इन सर्जरी के परिणाम अत्यंत संतोषजनक रहे हैं और मरीजों ने जीवन गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार अनुभव किया है। यह उपलब्धि संस्थान की विशेषज्ञ सर्जिकल सेवाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों को बेहतर परिणाम प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।।