:: वर्ल्ड पैरा टेबल टेनिस में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन; इंदौर के ओम सोनी दल प्रमुख, जयेश आचार्य मुख्य प्रशिक्षक ::
इंदौर । फिनलैंड के लाहटी में भारतीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण, चार रजत और छह कांस्य सहित 16 पदक जीते। आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर लाहटी 2026 में 28 से 30 अगस्त तक हुई स्पर्धा में 30 देशों के खिलाड़ी शामिल हुए। भारत ने सिंगल्स में 10 और डबल्स में छह पदक हासिल किए। भारतीय अभियान में इंदौर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। ओम सोनी दल प्रमुख और जयेश आचार्य मुख्य प्रशिक्षक रहे, जबकि रिंकू आचार्य सहायक प्रशिक्षक और पवन कारपेंटर फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में दल के साथ रहे।
:: डबल्स में दो स्वर्ण सहित छह पदक ::
पुरुष डबल्स के क्लास 4-8 वर्ग में रमेशभाई चौधरी-सुमित सहगल ने दक्षिण अफ्रीका की इब्राहिम अब्दुल्ला-रकान अब्दुलरहमान की जोड़ी को फाइनल में 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। सुमित ने दीपिका रानी रमणाथन के साथ मिश्रित डबल्स में भी खिताब अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में फिनलैंड के टिमो कलावेई-आइनो टापोला को 3-0 से शिकस्त दी।
सोनल पटेल-रमेशभाई चौधरी ने मिश्रित डबल्स में रजत पदक जीता। वहीं शुभम वाधवा-जेडी मदान, प्राची पांडे-सविता अज्जनकाट्टी और शिवम पाल-नूर जमानी की जोड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किए।
:: सिंगल्स में चार स्वर्ण सहित 10 पदक ::
सिंगल्स में भारत ने विभिन्न वर्गों में 10 पदक जीते। पुरुष वर्ग में एचएम जगन्नाथ और हितेश दोलवानी, जबकि महिला वर्ग में दीपिका और नुतानिया जियान ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। नूरजहां जमानी, सोनल पटेल और बेबी सहाना सहित अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य पदक जीते।
:: इंदौर के दल प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ की अहम भूमिका ::
भारत के सफल अभियान में इंदौर से जुड़े दल प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। ओम सोनी ने दल प्रमुख के रूप में समन्वय की जिम्मेदारी संभाली, जबकि जयेश आचार्य ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। रिंकू आचार्य और पवन कारपेंटर ने क्रमश: सहायक प्रशिक्षक और फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में सहयोग दिया।
पैरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद गंगराड़े ने भारतीय दल को बधाई देते हुए कहा कि लाहटी में प्रदर्शन पैरा टेबल टेनिस में भारत की बढ़ती ताकत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती तैयारी को दर्शाता है।

