इंदौर शहर की बिजली वितरण क्षमता बढ़कर 1750 एमवीए हुई

ताज़ा खबर देश-विदेश

:: संगम नगर सब स्टेशन में 5 की जगह 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित; एक साल में 100 एमवीए क्षमता बढ़ी ::
इंदौर । बढ़ती बिजली मांग के बीच इंदौर शहर की वितरण क्षमता में लगातार विस्तार किया जा रहा है। बुधवार को पश्चिम शहर संभाग के संगम नगर स्थित 33/11 केवी सब स्टेशन में 5 एमवीए की जगह 10 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। इसके साथ ही सब स्टेशन की कुल वितरण क्षमता बढ़कर 30 एमवीए हो गई है।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर शहर में वितरण क्षमता बढ़ाने के साथ अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग और गुणवत्तापूर्ण मेंटेनेंस पर भी काम किया जा रहा है। इंदौर शहर अधीक्षण यंत्री मनेंद्र गर्ग ने बताया कि संगम नगर सब स्टेशन में क्षमता विस्तार के बाद शहर की कुल बिजली वितरण क्षमता 1750 एमवीए हो गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में शहर में 100 एमवीए अतिरिक्त वितरण क्षमता विकसित की गई है। इससे बढ़ती मांग के अनुरूप बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मनेंद्र गर्ग के अनुसार पूर्व शहर संभाग के अंतर्गत महालक्ष्मी 33/11 केवी सब स्टेशन शहर में सर्वाधिक वितरण क्षमता वाला सब स्टेशन है। इसकी क्षमता 42 एमवीए है। शहर वृत्त के अंतर्गत वर्तमान में 141 सब स्टेशन के माध्यम से बिजली वितरण सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
वितरण क्षमता में किए जा रहे विस्तार से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।