भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। वे बुधवार को ग्वालियर एयरपोर्ट से श्योपुर कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने श्योपुर कृषि उपज मंडी में किसानों के नवीन विश्राम गृह के निर्माण के लिए 60 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण चुकाने की अवधि बढ़ाकर एक वर्ष कर दी गई है। अब खरीफ और रबी ऋण के लिए अलग-अलग छह-छह महीने की अवधि के बजाय ऋण लेने की तारीख से एक वर्ष में भुगतान किया जा सकेगा।
डॉ. यादव ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्योपुर में धान और गेहूं के साथ मोटे अनाज का भी अच्छा उत्पादन हो रहा है।
मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती और फसल उत्पादन की तकनीकों की जानकारी दी। कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान प्रगतिशील किसानों और 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

