अक्षय ओबेरॉय इन दिनों अपने निजी और पेशेवर जीवन, दोनों में शानदार दौर से गुज़र रहे हैं। अभिनेता ने हाल ही में अपनी जिंदगी में एक खास उपलब्धि का जश्न मनाया है। उन्होंने करजत में अपना नया फार्महाउस तैयार किया है। यह खूबसूरत फार्महाउस पिछले डेढ़ साल से बन रहा था और अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। यह अक्षय की मेहनत और उनकी सोच का नतीजा है।इस उपलब्धि को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अक्षय ने कहा, “यह फार्महाउस मेरे लिए सिर्फ एक घर या प्रॉपर्टी नहीं है, बल्कि मेरी अपनी सुकून की जगह है। यहां आकर मैं मुंबई की भागदौड़ से दूर हो जाता हूं और खुद के साथ और अपने परिवार के साथ समय बिता पाता हूं। प्रकृति के बीच एक घर होना हमेशा से मेरा सपना रहा है। यहां आकर मन को बहुत सुकून मिलता है और अपने व्यस्त कामकाजी शेड्यूल से दूर जाने का एक बेहतरीन मौका मिलता है। यहां अपनी पत्नी और बेटे के साथ अच्छा समय बिताना मेरे लिए बेहद खास है।

