लापरवाही पर तीन उपयंत्रियों पर कार्रवाई, एक का 10 दिन का वेतन कटेगा

इंदौर

:: आयुक्त क्षितिज सिंघल ने समीक्षा में तय की जवाबदेही; यातायात बाधाएं और फायर सेफ्टी की खामियां तत्काल दूर करने के निर्देश ::
इंदौर । नगर निगम के कामों में लापरवाही पर आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सख्ती दिखाई है। विभागीय समीक्षा बैठक में तीन उपयंत्रियों के काम में लापरवाही सामने आने पर उन्हें शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उपयंत्री नितेश बोयत का 10 दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए हैं। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही और नागरिक शिकायतों के निराकरण में देरी पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
सिटी बस ऑफिस में हुई बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, यातायात प्रबंधन, फायर सेफ्टी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जलप्रदाय, सीवरेज और जल निकासी कार्यों की जोनवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने मैदानी और लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर अधिकारियों को काम में तेजी लाने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। बैठक में सभी अपर आयुक्त, विभाग प्रमुख, जोनल अधिकारी, भवन अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
यातायात व्यवस्था को लेकर सड़क पर बाधक चेंबर, विद्युत पोल, रोड कटिंग और सड़क निर्माण के बाद बने गड्ढों को चिन्हित कर तत्काल सुधार कराने को कहा गया। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क की खामियों के कारण यातायात प्रभावित न हो।
फायर सेफ्टी के लिए होटल, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, मॉल और अन्य संस्थानों का निरीक्षण कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा गया। बड़े निर्माण कार्यों में शुरुआत से ही सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि यूटिलिटी और तकनीकी कार्यों के कारण परियोजनाओं में देरी न हो।
आयुक्त ने नागरिक शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण और मैदानी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समीक्षा में दिए गए निर्देशों की प्रगति जमीन पर दिखनी चाहिए और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।