:: स्कीम 140 और कनाडिया में मौजूदा सर्विस रोड के समानांतर 150-150 मीटर मार्ग; 22.5 मीटर कंट्रोल एरिया का होगा उपयोग ::
इंदौर । बायपास के स्कीम नंबर 140 और कनाडिया अंडरपास के पास सर्विस रोड पर यातायात का दबाव कम करने के लिए अतिरिक्त सर्विस रोड बनाने की योजना तैयार की जाएगी। दोनों स्थानों पर मौजूदा सर्विस रोड के समानांतर करीब 150-150 मीटर लंबी सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश आयुक्त क्षितिज सिंघल ने दिए हैं।
आयुक्त सिंघल ने 3 सितंबर को स्कीम नंबर 140 से डीपीएस स्कूल तक के अंडरपास सहित नगरीय सीमा के पांच अंडरपास का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कीम 140 और कनाडिया अंडरपास पर सर्विस रोड पर जाम और यातायात का अधिक दबाव मिला। इसे देखते हुए उन्होंने दोनों स्थानों पर अतिरिक्त सर्विस रोड की योजना तैयार करने को कहा।
:: 22.5 मीटर कंट्रोल एरिया का उपयोग ::
प्रस्तावित सड़क के निर्माण के लिए बायपास के दोनों ओर स्थित 22.5 मीटर कंट्रोल एरिया का उपयोग किया जाएगा। नियमानुसार ली जाने वाली भूमि के बदले संबंधित भूमि मालिकों को टीडीआर/एफएआर का लाभ दिया जाएगा।
अतिरिक्त सर्विस रोड बनने से अंडरपास क्षेत्र में यातायात का दबाव बंटेगा और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे बायपास के इन दोनों व्यस्त हिस्सों में वाहनों की आवाजाही भी सुगम होगी।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह, सहायक यंत्री नरेश जायसवाल, भवन अधिकारी वैभव देवलासे, उपयंत्री पराग अग्रवाल सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

