कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया गिरफ्तार, मामला पारिवारिक विवाद का

इंदौर

इन्दौर | कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया के खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें मारपीट और धमकी देने के आरोप में हिरासत में लिया है। मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है और शिकायत पारिवारिक विवाद के चलते दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार अमित पिता लक्ष्मीनारायण हार्डिया उम्र चालीस साल निवासी पारसी मोहल्ला की रिपोर्ट पर आरोपी लोकेश हार्डिया निवासी हीरानगर, एमआर 10 चौराहा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया। लोकेश हार्डिया कांग्रेस प्रवक्ता हैं। अमित ने पुलिस को अपनी दर्ज शिकायत में बताया कि उनके भतीजे सुमित हार्डिया के बेटे आराध्य के पैर गर्म पानी से जल गए थे। उसे चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान अमित की बहू बरखा का भाई लोकेश अस्पताल पहुंचा। उसने अमित से पूछा कि उसकी बहन बरखा से ऐसा क्यों कहा कि उसकी गलती से आराध्य के पैर जले हैं। इसके बाद लोकेश ने अमित को अपशब्द कहे और उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी लोकेश की तलाश शुरू की इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लोकेश कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे के यहां पर हैं। सूचना के बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची और लोकेश को चौकसे के घर के पास से हिरासत में ले लिया। एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार फरियादी और आरोपी रिश्ते में जीजा-साले हैं। वे मरीज को अस्पताल में एडमिट कराने गए थे। उसी दौरान आपस में विवाद हो गया और आरोपी ने फरियादी के साथ मारपीट कर दी। मामले में कार्रवाई की जा रही है।