:: ब्राउन शुगर मामले में पुलिस जांच जारी; नाना ने कहा- तीन साल से नशे से दूर, कोई संबंध नहीं ::
इंदौर । ब्राउन शुगर मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से पूछताछ के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नाना पटवारी और अन्य लोगों से जानकारी ली थी। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। नाना पटवारी ने मामले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार करते हुए कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से नशे से पूरी तरह दूर हैं।
पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के संपर्कों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
:: नाना बोले- कांग्रेस अध्यक्ष का भाई होना ही परेशानी ::
नाना पटवारी ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि ब्राउन शुगर मामले में पकड़े गए लोगों से उनका कोई संबंध या लेन-देन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का भाई होना ही उनके लिए परेशानी का कारण बन गया है।
उन्होंने कहा कि वे अपनी कार सर्विस कराने गए थे, जहां से पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए साथ ले गई। उनके अनुसार, पुलिस ने कुछ लोगों के संबंध में जानकारी ली और बाद में उन्हें छोड़ दिया।
:: तीन साल पहले छोड़ा नशा, उपचार के बाद दूरी बनाई ::
नाना पटवारी ने कहा कि अतीत में वे नशे की समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन उपचार के बाद उन्होंने नशा पूरी तरह छोड़ दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले तीन वर्षों से उनका ड्रग्स या किसी अवैध गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
:: स्कॉर्पियो और बरामद सामग्री से किया इनकार ::
उन्होंने कहा कि जिस स्कॉर्पियो वाहन और उसमें मिली सामग्री की चर्चा हो रही है, वह उनकी नहीं है। उन्होंने वाहन मालिक और मामले में गिरफ्तार लोगों से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया।
:: जीतू पटवारी ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक प्रतिशोध ::
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने कहा कि उनके भाई का ड्रग मामले से कोई संबंध नहीं है और उन्हें पूछताछ के नाम पर परेशान किया गया।
:: 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए थे दो आरोपी ::
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रेतमंडी चौराहा स्थित डी मार्ट के पास कार्रवाई करते हुए इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के कब्जे से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई थी।
डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में सामने आए नामों के आधार पर नाना पटवारी और मानव गंगवानी से जानकारी ली गई। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।
:: सप्लाई चैन और संपर्कों की पड़ताल ::
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से आई, इसके पीछे कौन लोग जुड़े हैं और मामले में किन-किन संपर्कों की भूमिका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

