मेट्रो के पहले सफर में बच्चे बने खास यात्री, मुख्यमंत्री ने किया संवाद

इंदौर ताज़ा खबर

:: बापट चौराहा से गांधी नगर तक मुख्यमंत्री सहित अतिथियों ने किया सफर, आज से आम यात्रियों के लिए सेवा ::
इंदौर । इंदौर मेट्रो के नए चरण की शुरुआत के साथ शनिवार को सांदीपनि विद्यालय के बच्चे पहले सफर के खास यात्री बने। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बच्चों के साथ बापट चौराहा से गांधी नगर तक मेट्रो में सफर किया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
बापट चौराहा मेट्रो स्टेशन से तीनों अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। मेट्रो हीरा नगर, चंद्रगुप्त चौराहा, आईएसबीटी, एमआर-10, भौरासला चौराहा और सुपर कॉरिडोर होते हुए गांधी नगर स्टेशन पहुंची।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार नियमित सेवा सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलेगी। यात्रियों को हर 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध होगी और प्रतिदिन 70 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे। नए रूट से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को तेज और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, मधु वर्मा और गोलू शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।