:: उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित ::
इंदौर (ईएमएस)। शिक्षक दिवस के अवसर पर रविंद्र नाट्य गृह में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 160 से अधिक शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया एवं राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन ने शिक्षकों के योगदान को रेखांकित किया।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलाव के पीछे शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में शिक्षकों का योगदान महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन ने कहा कि गुरु के पास हर बात का उत्तर होता है और विद्यार्थी ही शिक्षक की सबसे बड़ी पूंजी हैं। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा देकर बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं। उनके समर्पण, परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभी काफी काम किया जाना शेष है। इंदौर में 12 मॉडल स्कूल तैयार किए गए हैं, जबकि कई शासकीय विद्यालयों को अपग्रेड कर स्मार्ट बनाने का कार्य किया गया है। शहर की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
समारोह में महापौर परिषद सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, निरंजन सिंह चौहान, अश्विनी शुक्ल, पार्षद योगेश गेंदर, कमल वाघेला, कंचन गिदवानी, रूपाली पेंढारकर, पराग कौशल, भरत रघुवंशी, अपर आयुक्त मनोज पाठक सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

