इंदौर के स्वच्छता मॉडल में इटली ने दिखाई रुचि

मध्य प्रदेश

:: कचरा प्रबंधन और तकनीकी क्षेत्र में सहयोग, निवेश की संभावनाओं पर चर्चा ::
इंदौर । इंदौर के स्वच्छता और कचरा प्रबंधन मॉडल में इटली ने रुचि दिखाई है। इटली के काउंसल जनरल वॉल्टर फरेरा विशेष दल के साथ इंदौर पहुंचे और शहर की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं शहरी विकास व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान इटली और इंदौर के बीच भविष्य में सहयोग, तकनीकी साझेदारी और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
काउंसल जनरल ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल से मुलाकात की। बैठक में इंदौर के विकास मॉडल, भविष्य की परियोजनाओं और सतत शहरी विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल को ठोस कचरा प्रबंधन, सौर ऊर्जा, स्वच्छता व्यवस्था और सीएनजी प्लांट सहित शहर में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों से अवगत कराया गया। चर्चा में विशेष रूप से सतत शहरी विकास और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग तथा निवेश के अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ।
काउंसल जनरल वॉल्टर फरेरा ने भविष्य में सहयोग की संभावनाओं में रुचि दिखाई। इटली के प्रतिनिधिमंडल का दौरा इंदौर की स्वच्छता और शहरी विकास व्यवस्था के प्रति बढ़ते अंतरराष्ट्रीय आकर्षण के साथ तकनीकी साझेदारी के नए अवसरों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और नवाचारों में देश के साथ-साथ विदेशों में भी रुचि बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ संवाद से अनुभवों के आदान-प्रदान के साथ तकनीकी सहयोग और निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है।