रोजगार में हमारी इंडस्ट्री ग्रोथ रेट राष्ट्रीय औसत से आगे, कांग्रेस के समय नक्सलवाद एक बड़ी समस्या थी, जिसे हमने खत्म किया – मुख्यमंत्री

मध्य प्रदेश

इन्दौर | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अपने आंध्रप्रदेश दौरे के दौरान अल्प प्रवास पर इंदौर पहुंचे। इंदौर एयरपोर्ट पर उनकी भाजपा संगठन के नेताओं ने आगवानी की इस दौरान चर्चा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते और नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई का श्रेय लेते हुए कहा कि कांग्रेस के समय नक्सलवाद एक बड़ी समस्या थी, जिसे हमने खत्म किया है। उन्होंने कहा कि हमारे कई जिले आज नक्सल-मुक्त हो रहे हैं। कांग्रेस के समय कांग्रेस के एक मंत्री की हत्या भी नक्सलियों ने कर दी थी। उस समस्या की जड़ भी तत्कालीन मुख्यमंत्री थे, जो आज भी हिड़मा के मारे जाने पर दुख व्यक्त करते हैं। यह कांग्रेस का दोहरा चरित्र दर्शाता है कि वह केवल आरोप लगाकर समस्याओं को जिंदा रखती रही है। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद से ही रोजगार के क्षेत्र में हमारी सरकार लगातार बेहतर काम कर रही है। रोजगार के लिए हमारी इंडस्ट्री ग्रोथ रेट राष्ट्रीय औसत से आगे चल रही है। हमने युवाओं और गरीबों के लिए लगातार काम किया है। सिंचाई का रकबा दोगुना करने जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट हमने पूरे किए हैं।