शहर के फिजियोथैरेपिस्ट ने निकाली कार एवं बाइक मशाल रैली

इंदौर

इन्दौर | इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव झा ने हाइकोर्ट तिराहे पर मशाल प्रज्वलित कर आईएपी इन्दौर चैप्टर द्वारा आयोजित कार और बाइक मशाल रैली को रवाना किया। रैली में मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट भी शामिल हुए। रैली का आयोजन इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपी (IAP) के 70 वर्ष और वर्ल्ड फिजियोथेरेपी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी 26-27 सितंबर को दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के तहत किया गया। आईएपी इंदौर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. दीपेश गुप्ता, सेक्रेटरी डॉ. प्रियंका तिवारी और आईएपी सेंट्रल जोन के जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. विवेक जैन के अनुसार दिल्ली में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस के संदर्भ में देशभर में कार एवं बाइक मशाल रैली निकाली जा रही है इसी क्रम में इंदौर में यह कार और बाइक मशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली हाई कोर्ट तिराहे से शुरू होकर रेसकोर्स रोड, एबी रोड और गीता भवन होते हुए दवा बाजार पहुंची। रैली में इंदौर जिले के बड़ी संख्या में फिजियोथैरेपिस्ट शामिल हुए। रैली के जरिए लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। दवा बाजार पर रैली के समापन पश्चात आईएपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव झा ने अपने संबोधन में प्रतिभागी फिजियोथैरेपिस्ट से आमजन को स्वस्थ रखने के लिए और अधिक प्रयास करने का आह्वान किया।