:: नैवेद्य तोंडे-रुद्र प्रताप पुरुष व जूनियर युगल में उपविजेता, स्वाति-आशिता महिला युगल में दूसरे स्थान पर; पुरुष सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय जोड़ी को हराया ::
इंदौर । बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में हुई पश्चिम क्षेत्र अंतरराज्यीय बैडमिंटन स्पर्धा में इंदौर के खिलाड़ियों ने तीन युगल वर्गों में फाइनल में पहुंचकर तीन रजत पदक हासिल किए। नैवेद्य तोंडे और रुद्र प्रताप ठाकुर पुरुष युगल तथा 19 वर्ष जूनियर बालक युगल में उपविजेता रहे, जबकि स्वाति सोलंकी और आशिता दुबे ने महिला युगल में दूसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष युगल के सेमीफाइनल में नैवेद्य और रुद्र ने शीर्ष वरीयता प्राप्त गुजरात के भविन जादव और मोहम्मद अली मीर को 15-8, 12-15, 15-8 से हराकर उलटफेर किया। फाइनल में महाराष्ट्र के अर्जुन और आर्यन तानाजी बिरजदार ने मप्र की जोड़ी को 15-12, 15-9 से पराजित किया।
19 वर्ष जूनियर बालक युगल के सेमीफाइनल में नैवेद्य और रुद्र प्रताप ने मुदित जैन और झिओन रोड्रिक्स को 15-10, 15-10 से हराया। फाइनल में महाराष्ट्र के अर्जुन और आर्यन तानाजी बिरजदार ने मप्र की जोड़ी को तीन गेमों में 15-4, 11-15, 15-13 से पराजित किया।
महिला युगल के सेमीफाइनल में स्वाति सोलंकी और आशिता दुबे ने महाराष्ट्र की काव्या मेर्वानिया और पंक्ति मेर्वानिया को 15-4, 12-15, 15-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में महाराष्ट्र की अनघा करंदिकर और नेहल गोसावी ने मप्र की जोड़ी को 15-12, 15-12 से पराजित किया।
मप्र की पुरुष और जूनियर बालक टीम भी उपविजेता रही। दोनों टीमों में इंदौर के कन्हैया शर्मा शामिल थे। इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन के अध्यक्ष डॉ. अनिल भंडारी, सचिव आरपी सिंह नैयर, सहसचिव धर्मेश यशलहा और कोषाध्यक्ष विशाल चांदवानी सहित पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

