कान्हा महोत्सव में महिलाओं ने प्रस्तुत की ब्रज संस्कृति की झलक

इंदौर धार्मिक

:: राधा-कृष्ण महारास, यशोदा-कान्हा फैशन शो और कृष्ण झांकियों ने बांधा समां; भादौ मेले में लगे व्यंजनों के स्टॉल ::
इंदौर । अन्नपूर्णा क्षेत्र माहेश्वरी सतरंगी सखी संगठन के तत्वावधान में रिंग रोड, स्कीम-71 स्थित सुरुचि गार्डन में कान्हा महोत्सव आयोजित किया गया। महिलाओं ने भगवान कृष्ण की लीलाओं और ब्रज संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजन में धार्मिक और सांस्कृतिक रंग भरा।
श्रीमती शारदा-प्रकाश अजमेरा एवं विनिता-मनीष काबरा के आतिथ्य में हुए आयोजन में राधा-कृष्ण महारास, मैया यशोदा-कान्हा फैशन शो, भजन, अंताक्षरी और भगवान कृष्ण की झांकियों की स्पर्धा हुई। संगठन से जुड़ी महिलाओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों में उत्साह के साथ भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
संगठन की अध्यक्ष रुचि सोमानी और सचिव नेहा भल्लिका ने बताया कि कान्हा महोत्सव के साथ भादौ मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न वस्तुओं और व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। संरक्षक सुनीता जाखेटिया, सरिता सोडानी और पूजा तोतला के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजन में महिलाओं ने भक्ति, लोक संस्कृति और उत्सव के विभिन्न रंगों को प्रस्तुत किया। अतिथियों ने आयोजन के लिए संगठन की पदाधिकारियों की सराहना की। रुचि सोमानी, नेहा भल्लिका, आशा झंवर और अनिता साबू ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए।