भागीरथपुरा में जलप्रदाय व्यवस्था का आयुक्त ने लिया जायजा

इंदौर

:: जल और सीवरेज लाइनों के कामों का निरीक्षण; क्लोरीन जांच नियमित करने के निर्देश, बाकी काम जल्द पूरा करने को कहा ::
इंदौर । नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने भागीरथपुरा क्षेत्र का निरीक्षण कर जलप्रदाय और सीवरेज लाइन के कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने भट्टा बस्ती, कम्युनिटी हॉल, भागीरथपुरा मेन रोड, शासकीय विद्यालय और एमआर-4 क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों से कामों की जानकारी ली। इस दौरान जल की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और सीवरेज लाइन के शेष कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में जलप्रदाय और सीवरेज पाइपलाइन के कार्य पूरे हो चुके हैं तथा नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ जल मिल रहा है। क्षेत्र के नागरिकों ने भी जलप्रदाय व्यवस्था पर संतोष जताया। हालांकि, भागीरथपुरा के कुछ हिस्सों में सीवरेज लाइन का काम अभी जारी है। आयुक्त ने इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों से जल की गुणवत्ता और क्लोरीन परीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
:: नागरिकों से चर्चा कर जानी समस्याएं ::
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नागरिकों से सीधे संवाद कर जलप्रदाय और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की निगरानी करने और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, अभय राजनगॉंवकर, जोनल अधिकारी गीत मनोचा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।