इन्दौर | साइबर ठगोरे ने एक व्यापारी के तीन बैंक खातों से 2.37 लाख रुपए ट्रांसफर कर ठगी की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया। व्यापारी को वारदात का पता उसके मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद पता चला। ठगोरे ने व्यापारी, उनकी पत्नी और उनकी फर्म के तीन अलग-अलग बैंक खातों से रुपए ट्रांसफर किए। मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार निर्मल जैन उम्र चौपन साल निवासी शिवओम रेसीडेंसी एम जी रोड ने अपनी शिकायत में बताया कि वे रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते हैं। 3 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे उनके और परिवार से जुड़े बैंक खातों से रुपए निकाले गए। मोबाइल पर रुपए कटने के मैसेज आने के बाद उन्होंने बैंक और साइबर सेल से संपर्क किया। इसके बाद तुकोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार पुलिस के अनुसार, निर्मल जैन के एचडीएफसी बैंक की क्लॉथ मार्केट शाखा स्थित खाते से 80 हजार रुपए, पत्नी पायल जैन के आईसीआईसीआई बैंक की राजमोहल्ला शाखा स्थित खाते से 58 हजार रुपए और उनकी फर्म पर्ल क्रिएशन के एचडीएफसी बैंक खाते से 99 हजार रुपए निकाले गए। इस तरह कुल 2 लाख 37 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने ठगी के लिए कौनसा तरीका अपनाया। साथ ही इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि तीनों खातों से निकाली गई रकम किन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई।

