-मध्य प्रदेश के डिंडौरी में दो दिन में 6 इंच बारिश, महाराष्ट्र में कई नदियां उफान पर
नई दिल्ली । देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश जारी है। राजस्थान के जयपुर में रविवार सुबह बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में सड़कों पर 3-4 फीट तक पानी भर गया। वहीं, चूरू में भी कॉलोनियां पानी में डूब गईं। मध्य प्रदेश के डिंडौरी में शनिवार रात 9 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक 6 इंच बारिश हो चुकी है। पानी नर्मदा नदी पर बने पुल के ऊपर से बह रहा है।
दिल्ली में पिछले 8 दिनों में महीने भर का कोटा पूरा हो गया। दिल्ली में अगस्त के शुरुआती 8 दिनों में 230.1 मिमी बारिश हुई, जो महीने की सामान्य औसत बारिश 226.8 मिमी से ज्यादा है। अगस्त में 2024 के बाद यह सबसे ज्यादा बारिश है। शनिवार को कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया था।
वहीं महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में दो दिन के ब्रेक के बाद फिर तेज बारिश हुई। आधी रात से लगातार हो रही बारिश से कई नदियां और नाले उफान पर आ गए हैं। वहीं, निचले इलाकों में पानी भर गया है। असम के गुवाहाटी के रुक्मिणी गांव में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां घुटनों तक पानी भर गया है, जिसके बीच लोग आ जा रह हैं। नगालैंड के दीमापुर जिले में लगातार भारी बारिश के कारण शनिवार को कई निचले इलाकों में पानी भर गया। एक कॉलेज के फाइनल ईयर के छात्र की घर में पानी घुसने के बाद करंट लगने से मौत हो गई। एसडीआरएफ ने बाढ़ में फंसे 9 लोगों, जिनमें दो बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल थे, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। रिवर बेल्ट कॉलोनी के एक हॉस्टल से चार छात्रों और फंसे पांच लोगों को भी सुरक्षित निकाला गया।
10 अगस्त को राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश। बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ आंधी चल सकती है।
वहीं 11 अगस्त को राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड में भारी बारिश।
बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और राजस्थान में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ आंधी चल सकती है।

