:: ओंकारेश्वर के गोमुख घाट से शुभारंभ, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया पूजन-अर्चन; बोले- संतों का सानिध्य ईश्वर से संवाद का अवसर देता है ::
ओंकारेश्वर/इंदौर । अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादा गुरुजी के सानिध्य में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को तीर्थनगरी ओंकारेश्वर के गोमुख घाट से पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा शुरू हुई। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने दादा गुरुजी के साथ मां नर्मदा का पूजन-अर्चन और आरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मां नर्मदा को चुनरी अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री परिक्रमा में भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को यात्रा की मंगलमय एवं निर्विघ्न पूर्णता की शुभकामनाएं दीं।
दादा गुरुजी ने कहा कि मां नर्मदा केवल नदी नहीं, बल्कि जीवन, ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार हैं। नर्मदा परिक्रमा एक साधना है, जिसके मूल में लोककल्याण की भावना निहित है। इससे समाज में सद्भाव और समरसता मजबूत होती है। ईश्वरीय भक्ति और साधना व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास करती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संतों का सानिध्य मिलना सौभाग्य है। संतों के माध्यम से साक्षात् ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। दादा गुरुजी के सानिध्य में आयोजित नर्मदा परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। इससे समाज में आध्यात्मिक चेतना और समरसता का विस्तार होगा।
:: नर्मदा की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सबका दायित्व ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा का तट एक मठ के समान है। इसकी पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सभी का कर्तव्य है। राज्य सरकार ने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व सनातन संस्कृति और उसके वैभव से परिचित हो रहा है। सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सहकारिता तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

