पीएम मोदी ने चिन्मय अमृत महोत्सव में कहा- सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम

ताज़ा खबर देश-विदेश

-चिन्मय मिशन केवल एक संस्था नहीं बल्कि एक विचार
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में चिन्मय अमृत महोत्सव वैश्विक सम्मेलन का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आध्यात्मिक चेतना, स्वामी चिन्मयानंद के योगदान और देश के युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चिन्मय मिशन केवल एक संस्था नहीं बल्कि एक विचार है, जिसकी यात्रा हमेशा संकल्पों से परिपूर्ण रही है।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया भर में चिन्मय मिशन से जुड़े संतों, आचार्यों, लाखों साधकों और अनुयायियों को इस अमृत महोत्सव की बहुत-बहुत बधाई। पीएम मोदी ने कहा, चिन्मय मिशन केवल एक संस्था नहीं है, यह एक चिन्मय विचार है जिसकी स्थापना एक चिन्मय ऋषि ने की थी। इतने दशकों की इसकी यात्रा चिन्मय संकल्पों से भरी रही है और जो चिन्मय है, वह स्वाभाविक ही अमर है, अमृतमय है।
सांस्कृतिक ब्रांड एंबेसडर बन रहे हैं युवा
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के युवाओं का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम है। उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि चिन्मय मिशन के प्रयासों से आज लाखों युवा देश के सांस्कृतिक ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य कर रहे हैं और भारतीय मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
राष्ट्र ही हमारे अस्तित्व का आधार
स्वामी चिन्मयानंद को श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र ही हमारे अस्तित्व का आधार है इस मंत्र को समर्पित कर दिया था। वे जितनी श्रद्धा और गहराई से आध्यात्मिक विषयों पर बोलते थे, उतनी ही तत्परता से राष्ट्रीय विषयों पर भी मुखर होकर अपनी बात रखते थे, क्योंकि हमारा राष्ट्र ही हमारी संस्कृति की जन्मभूमि है।