सोनम ने अपनी कमाई से खरीदा था घर

मनोरंजन

शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ हर हफ्ते दर्शकों की सराहना बटोर रहा है। दिलचस्प सवालों और जियोहॉटस्टार पर ‘प्ले अलॉन्ग’ के ज़रिए यह शो परिवार और दोस्तों को साथ मिलकर खेलने का मौका दे रहा है, जिससे वीकेंड का मज़ा और भी बढ़ जाता है। वहीं, प्रतियोगियों के साथ अनिल कपूर की दिल छू लेने वाली बातचीत और उनकी ज़िंदगी से जुड़े किस्से शो को और भी खास बनाते हैं। इस वीकेंड ‘अनुपमा’ की रुपाली गांगुली शो में शामिल होंगी। इस दौरान महिलाओं के अपने घर के सपने पर बातचीत करते हुए अनिल बताएंगे कि उनकी बेटी सोनम कपूर ने अपनी मेहनत की कमाई से अपना फ्लैट खरीदा था।

रुपाली अपने किरदार अनुपमा के उस सपने का ज़िक्र करती हैं, जिसमें वह अपना एक घर चाहती है। वह बताती हैं कि एक महिला के लिए उसका अपना घर आत्मनिर्भरता और अपनेपन का एहसास लेकर आता है। उनकी यह बात सुनकर अनिल कपूर को फिल्म इंडस्ट्री में सोनम के शुरुआती दिन याद आ जाते हैं। वह बताते हैं कि कैसे सोनम ने अपनी मेहनत और बचत से खुद का घर खरीदा।“वह सिंगापुर से पढ़कर आई और भंसाली साहब की असिस्टेंट बनी। भंसाली साहब ने उसे ब्रेक दिया। थोड़े-थोड़े पैसे जमा करके उसने अपना एक फ्लैट खरीदा।”