समाचार लिखे जाने तक लगभग 2963 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं को पूर्ण विधि-विधान अनुसार ससम्मान विसर्जित कराया गया
भोपाल । नगर पालिक निगम भोपाल द्वारा माँ दुर्गा की छोटी-बड़ी प्रतिमाओं को पूर्ण विधि-विधान के साथ ससम्मान विसर्जित करने हेतु बेहतर व्यवस्थाएं सभी 07 प्रमुख विसर्जन घाटों पर सुनिश्चित की गई हैं जिनके कारण श्रद्धालुजन माँ दुर्गा की छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन सुगमता के साथ निरंतर कर रहे हैं और गुरूवार को समाचार लिखे जाने तक 07 स्थाई विसर्जन घाटों पर लगभग 2963 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाएं विसर्जित की जा चुकी हैं। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने प्रेमपुरा घाट का निरीक्षण किया और सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर तैनात नोडल अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को विसर्जन हेतु की गई व्यवस्थाओं पर सतत रूप से निगरानी रखने और विसर्जन कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में शहर के 07 प्रमुख विसर्जन घाटों पर माँ दुर्गा की छोटी-बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्ण विधि विधान, ससम्मान एवं सुरक्षित ढंग से कराये जाने के दृष्टिगत निगम ने शहर के 07 प्रमुख विसर्जन घाटों पर क्रेन, पोकलेन हेतु प्लेटफार्म, बोट्स, सभी आवश्यक संसाधनों से लैस गोताखोर व फॉयर ब्रिगेड का अमला तैनात किया है साथ ही विसर्जन घाटों एवं उनके पहुंच मार्गों पर बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था के साथ ही विसर्जन घाटों पर कंट्रोल रूम स्थापित किये गये हैं और पूजन सामग्री व अन्य प्रकार के अपशिष्टों को रखने हेतु पृथक-पृथक पात्र एवं 30 विशेष विसर्जन वाहन की व्यवस्था भी की है जो विसर्जन कार्य समाप्ति तक निरंतर जारी रहेगी।
गुरूवार को समाचार लिखे जाने तक प्रेमपुरा विसर्जन घाट पर लगभग 595 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है जबकि रानी कमलापति घाट पर लगभग 253 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं, खटलापुरा में लगभग 145 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं, शाहपुरा में लगभग 76 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं, बैरागढ़ में लगभग 451 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं, मालीखेड़ी में लगभग 93 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं, हथाईखेड़ा में लगभग 310 छोटी एवं बड़ी प्रतिमाओं सहित कुल 1923 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया जबकि विगत दिनों से जारी विसर्जन के क्रम में सभी 07 विसर्जन घाटों पर कुल 2963 छोटी-बड़ी प्रतिमाएं विसर्जित की जा चुकी है।

