डीआरएम अश्विनी कुमार ने यात्रियों से लिया फीडबैक, प्लेटफॉर्म-1 और प्रतीक्षालय का किया निरीक्षण ::
इंदौर । इंदौर रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था से यात्री संतुष्ट हैं, लेकिन बैठने वाली जगहों पर सफाई और बेहतर करने की जरूरत है। गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार ने स्टेशन पर यात्रियों से संवाद कर सफाई और यात्री सुविधाओं का फीडबैक लिया। यात्रियों ने स्टेशन की स्वच्छता की सराहना करते हुए सुधार के सुझाव भी दिए।
डीआरएम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1, प्रतीक्षालय सहित स्टेशन के अन्य हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों से पूछा कि वे सफाई व्यवस्था से कितने संतुष्ट हैं और किन सुविधाओं में सुधार की जरूरत है। यात्रियों ने बैठने वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया।
:: बोले- स्वच्छता बनाए रखने में यात्री भी सहयोग करें ::
अश्विनी कुमार ने कहा कि स्टेशन परिसर को साफ रखने में रेलवे के साथ यात्रियों की भागीदारी भी जरूरी है। यात्रियों से मिलने वाले सुझाव सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। रेलवे स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
:: मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी हुए कार्यक्रम ::
विशेष अभियान 6.0 के तहत फतेहाबाद, चंद्रावतीगंज और देवास सहित रतलाम मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें यात्रियों से स्वच्छता और सुविधाओं पर सुझाव लिए गए। सफाई कर्मचारियों से भी संवाद कर उनके अनुभव जाने गए और स्वच्छ रेल परिसर बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की गई।

