प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़ तंत्र हटाओ‘ अभियान को लेकर आयोजित बैठक को किया संबोधित

मध्य प्रदेश

‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ‘ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी

  • कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए भी लोकतंत्र का गला घोंटा, विपक्ष में रहकर भी भ्रम फैला रही है
  • हेमंत खण्डेलवाल
  • एसआईआर व अन्य विषयों पर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव को तथ्यों से जवाब दें कार्यकर्ता
  • चन्द्रशेखर
    भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने दिल्ली से (वर्चुअल) एवं प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ अभियान को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित किया। 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाए जा रहे इस अभियान के लिए प्रदेश टोली के साथ अलग-अलग अभियानों की टोली का गठन भी किया गया है। अभियान की प्रदेश टोली एवं अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए गठित टोलियों की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा एसआईआर व अन्य विषयों को लेकर फैलाए जा रहे झूठ को उजागर करने पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचे और तथ्यों के साथ जनता को वास्तविकता से अवगत कराएं। कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए भी लोकतंत्र का गला घोंटा, विपक्ष में रहकर भी भ्रम फैला रही है। इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर व अन्य विषयों को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव को तथ्यों के साथ पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर जवाब दें।
    ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान 5 नवंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिला और विधानसभा स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद किया जाएगा। ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर तथ्यों के साथ जानकारी दी जाएगी। भाजपा छात्रों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ युवाओं से भी संवाद करेगी। ‘घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम के जरिए घुसपैठ और मतदाता सूची से जुड़े विषयों की वास्तविकता जनता तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही चुनाव आयोग को लेकर लगाए जा रहे भ्रामक आरोपों पर जनता के बीच तथ्यों को रखकर वास्तविकता से अवगत कराएंगे।
    बैठक में मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, अभियान की प्रदेश टोली के सदस्यगण, मोर्चा अध्यक्षों एवं प्रकोष्ठ संयोजक उपस्थित रहे।