इंदौर के तीन किसानों को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी के पुरस्कार

मध्य प्रदेश

:: स्थापना दिवस समारोह में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया सम्मानित ::
इंदौर । किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व विजन-2026 के तहत इंदौर जिले के तीन किसानों को लाखों रुपये के पुरस्कार मिले हैं। देपालपुर के जितेंद्र मौर्य को 7.26 लाख रुपये मूल्य का ट्रैक्टर, हातोद के गोपाल सिंह चौधरी को 1.68 लाख रुपये की बुलेट मोटरसाइकिल और मल्हारगंज के शैलेंद्र सिंह को ई-स्कूटी खरीदने के लिए 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तीनों विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, महापौर परिषद सदस्य नंदू पहाड़िया और पार्षद प्रशांत बड़वे भी मौजूद थे।
:: क्विज के बाद लॉटरी से हुआ विजेताओं का चयन ::
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीक के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना था। कृषि विभाग के अनुसार, 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं का चयन किया गया। 27 अक्टूबर को भोपाल के रविंद्र भवन में लॉटरी के माध्यम से विजेताओं के नाम घोषित किए गए थे।
:: बछौड़ा, कराड़िया और नैनोद के किसान बने विजेता ::
देपालपुर तहसील के ग्राम बछौड़ा निवासी जितेंद्र मौर्य को प्रथम पुरस्कार के रूप में 7.26 लाख रुपये मूल्य का ट्रैक्टर मिला। हातोद तहसील के ग्राम कराड़िया निवासी गोपाल सिंह चौधरी को द्वितीय पुरस्कार में 1.68 लाख रुपये की बुलेट मोटरसाइकिल दी गई। वहीं, मल्हारगंज तहसील के ग्राम नैनोद निवासी शैलेंद्र सिंह को तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
तीनों किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से किसानों को आधुनिक खेती और नई तकनीक अपनाने की प्रेरणा मिलती है।