उल्लास के बीच मना मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस, तीन किसानों को मिले लाखों के पुरस्कार

इंदौर

:: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले- सड़क, सिंचाई और शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश ने की उल्लेखनीय प्रगति ::
इंदौर । मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस रविवार को इंदौर में उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित मुख्य समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सड़क, सिंचाई, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश की तस्वीर बदली है। समारोह में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए।
विजयवर्गीय ने कहा कि वर्ष 2003 में प्रदेश की सिंचाई क्षमता करीब सात लाख हेक्टेयर थी। अब इसमें उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। प्रदेश में एक लाख किलोमीटर से अधिक अच्छी सड़कों का निर्माण किया गया है। सरकार का लक्ष्य सिंचाई का रकबा बढ़ाकर एक करोड़ हेक्टेयर तक पहुंचाना है। इससे किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से आदिवासी क्षेत्रों में भी खेती की स्थिति बदली है और किसान अब एक से अधिक फसलें ले पा रहे हैं।
:: सांस्कृतिक विरासत को भी मिल रही नई पहचान ::
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा और मैहर लोक जैसी परियोजनाएं धार्मिक पर्यटन को नई पहचान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, महाकौशल और बघेलखंड की सांस्कृतिक विविधता मध्यप्रदेश की विशिष्ट पहचान है। स्थापना दिवस पर सभी को प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का संकल्प लेना चाहिए।
:: जितेंद्र को ट्रैक्टर, गोपाल को बुलेट और शैलेंद्र को ई-स्कूटी ::
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व विजन-2026 के तहत चयनित इंदौर जिले के तीन किसानों को पुरस्कृत किया गया। देपालपुर तहसील के ग्राम बछौड़ा निवासी जितेंद्र मौर्य को प्रथम पुरस्कार के रूप में 7.26 लाख रुपये मूल्य का ट्रैक्टर प्रदान किया गया। हातोद तहसील के ग्राम कराड़िया निवासी गोपाल सिंह चौधरी को 1.68 लाख रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल और मल्हारगंज तहसील के ग्राम नैनोद निवासी शैलेंद्र सिंह को ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपये की राशि का प्रमाणपत्र दिया गया। तीनों किसानों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कृषि विभाग के अनुसार, 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित क्विज प्रतियोगिता के तहत लॉटरी से प्रदेश के प्रत्येक जिले के तीन विजेताओं का चयन किया गया था। 27 अक्टूबर को भोपाल के रविंद्र भवन में विजेताओं के नाम घोषित किए गए थे।
कार्यक्रम में कृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत अथर्व साहे को एक लाख रुपये का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। समारोह में महापौर परिषद सदस्य नंदू पहाड़िया, पार्षद प्रशांत बड़वे, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार और रिंकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
समारोह स्थल पर विकास एवं विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने इसका अवलोकन किया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभागृह में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर और लता मंगेशकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए। स्थापना दिवस के अवसर पर शहर के प्रमुख शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।