:: आदित्य वाजपेयी और उमेश भसीन ने भी दिखाया दम, 45 वर्ष आयु वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह ::
इंदौर । अंतरराष्ट्रीय आईटीएफ एमटी-700 मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में स्थानीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। रोहित रावत, तपन शर्मा और ओमप्रकाश दीक्षित ने अपने-अपने आयु वर्ग में शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, आदित्य वाजपेयी और उमेश भसीन ने भी जीत हासिल कर 45 वर्ष आयु वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
भारतीय टेनिस संघ और मध्यप्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में तथा मोयरा सरिया एवं येलो डायमंड के प्रायोजन में इंदौर टेनिस क्लब में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश-विदेश के अनुभवी खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
:: रोहित ने पांचवीं वरीयता प्राप्त सुधीर को हराया ::
55 वर्ष आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी रोहित रावत ने उलटफेर करते हुए पांचवीं वरीयता प्राप्त सुधीर गोथे को 6-4, 6-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले सेट में सुधीर ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन दूसरे सेट में रोहित ने पूरी तरह दबदबा बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की।
:: तपन शर्मा ने सीधे सेटों में दर्ज की जीत ::
50 वर्ष आयु वर्ग में तपन शर्मा ने क्वार्टर फाइनल में सुनील लुल्ला को 6-3, 6-4 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। इसी वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त जगदीश तंवर ने आठवीं वरीयता प्राप्त अरुण कटारिया को 6-2, 6-0 से, पांचवीं वरीयता प्राप्त मोहम्मद युनूस ने वी. विश्वेशवरण को 6-3, 6-1 से तथा शीर्ष वरीयता प्राप्त फिनलैंड के ईक्का रिकोनेन ने शांतनु तिवारी को 6-0, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
:: आदित्य और उमेश ने भी मारी बाजी ::
45 वर्ष आयु वर्ग में आदित्य वाजपेयी ने पांचवीं वरीयता प्राप्त नितेश रूंगटा को तीन सेटों के रोमांचक मुकाबले में 6-7(4), 7-6(3), 6-3 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसी वर्ग में उमेश भसीन ने राजगोपाल राज को 6-3, 3-6, 7-5 से पराजित किया।
:: 60 और 65 वर्ष आयु वर्ग में भी कड़े मुकाबले ::
60 वर्ष आयु वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त पुनित कुमार गुप्ता ने राजन बेरी को 6-1, 2-6, 6-4 से, शीर्ष वरीयता प्राप्त भानू प्रताप सिंह ने रविदीप सिंह साही को 6-1, 6-0 से, रामकुमार प्रसाद ने राजेन वासावड़ा को 6-0, 6-0 से तथा चंद्रभूषण ने अमेरिका के निर्मल कुमार राजन को 6-0, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
65 वर्ष आयु वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त स्थानीय खिलाड़ी ओंकार प्रसाद दीक्षित ने सुरेश अलापति को 6-1, 6-0 से हराया। शीर्ष वरीयता प्राप्त अजीत भारद्वाज ने दीपांकर चक्रवर्ती को 7-5, 6-3 से तथा चौथी वरीयता प्राप्त पवन जैन ने रवीन चौधरी को 6-2, 6-4 से पराजित कर अंतिम चार में प्रवेश किया।
:: 75 वर्ष आयु वर्ग में श्रीकांत पारेख का उलटफेर, फाइनल में पहुंचे ::
70 वर्ष आयु वर्ग में अमेरिका के शीर्ष वरीयता प्राप्त अजस छटवाल ने भारत के सुरिंदर मोहन शर्मा के स्वास्थ्य कारणों से मुकाबला छोड़ने के बाद फाइनल में जगह बनाई। उनका सामना तुलसीरामा से होगा, जिन्होंने सेमीफाइनल में जार्ज थामस को 7-5, 6-0 से पराजित किया।
75 वर्ष आयु वर्ग में श्रीकांत पारेख ने बड़ा उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त आर. गंगाधरन को 4-6, 7-5, 10-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उनका सामना दूसरी वरीयता प्राप्त राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल से होगा। राजेंद्र ने सेमीफाइनल में अशोक जिंदल को 6-1, 6-2 से शिकस्त दी।
महिला वर्ग के 35 वर्ष आयु वर्ग में गीतिमा ठाकुरिया ने ममता साहू को 6-1, 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, 40 वर्ष आयु वर्ग में स्वाती भार्गव ने जया सी. कांत को 6-1, 6-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

