इंदौर, २२ दिसंबर । आठ हजार रूपए की रिश्वत लेने वाले पंढरीनाथ थाने के थानेदार को सात साल की सजा औ अर्थदंड से दंडित किया है। इन्हें चार साल पहले घूस लेते हुए पकड़ा गया था।
लोकायुक्त एसपी दिलीप सोनी ने बताया कि ४ अप्रैल २०१५ को पंढरीनाथ थाने के थानेदार अशोक गुणावद को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। मामला ये था कि फरियादी इश्तेखार अली का छोटा भाई नौशाद अली चंदन नगर से बड़े अस्पताल से सिटी वैन चलाता है। ३० मार्च को किसी महिला का मोबाइल और पैसे उस गाड़ी में छूट जाने पर नौशाद को थाने पर बैठा लिया था। फरियादी ने भाई से मिलने के लिए गुहार लगाई, तो थानेदार ने दस हजार रूपए की रिश्वत मांगी। साथ ही ये भी दबाव बनाया कि अगर पैसे दे दोगे, तो मामले को रफा-दफा कर देंगे और लूट का केस नहीं बनाएंगे। दोनों के बीच बात होने पर आठ हजार रूपए का तोड़ हुआ था और अशोक ने उदापुरा चौराहा पर पैसे लेकर बुलाया था। जैसे ही उसे आठ हजार रूपए दिए, वैसे ही लोकायुक्त पुलिस ने एसआई को रंगेहाथ पकड़ लिया था।
(उमेश/अर्चना पारखी)

