विश्व की महानतम हस्तियों का भी अनादर किया: भूपेन्द्र गुप्ता
भोपाल। प्रदेश कांगे्रस के मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा मीडिया सेल के प्रमुख और पूरी भाजपा ने महात्मा गांधी को पाकिस्तान का राष्ट्रपिता कहकर सुभाषचंद्र बोस, रवीन्द्र नाथ टैगोर, की भावनाओं का अपमान किया है। भाजपा ने अलबट आइंस्टीन, मार्टिंन लूथर किंग, जॉन एफ कैनेडी, चार्ली चैपलिन, मेडम मांटेसरी रोमारोला जैसे विश्व के महान व्यक्तियों की भावनाओं का भी अनादर किया है। भाजपा घमंड में इस कदर चूर है कि उसे अब यह भी भान नहीं रहा कि वह क्या कह रही हैं?
भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि गांधी की स्वीकार्यकता पूरे विश्व में है। गांधी जी की प्रत्येक बात आज भी प्रासंगिक है। सुभाषचंद्र बोस ने 1944 को सिंगापुर रेडियो से गांधी जी को ‘‘फादर आफ द नेशन’’ कहा था। कविवर रवीन्द्र नाथ टैगोर ने गांधी जी को ‘महात्मा’ की उपाधि दी थीं इसी तरह विश्व के कई बड़े राष्ट्राध्यक्ष वैज्ञानिक, समाज शास्त्री, दर्शनशास्त्री, कलाकार, साहित्यकारों ने गांधी के बारे में अपनी भावनाएं सम्मानजनक तरीके से व्यक्त की हैं। ये अभिव्यक्तियां आज भी साबरमती आश्रम में सुरक्षित हैं। ऊलजलूल बकने के पहले भाजपाई उनको अच्छी तरह पढ़ लें।
गुप्ता ने कहा कि ऐसे महामानव के बारे में भाजपा के क्षुद्र विचार सुनकर ऐसा लगता है कि वे कभी नहीं सुधरेंगे। राष्ट्रवाद की बात करने वाली भाजपा को अपने राष्ट्र का इतिहास तक नहीं मालूम है। लोगों को मुद्दो से भटकाने के लिये गांधी जी के नाम और उनके योगदान को बदनाम करने की भाजपा की एक और चाल है। भाजपा ऐसी ओछी मानसिकता वाले कितने कार्यकर्ताओं को निष्कासित करेगी? एक गोडसे को राष्ट्रभक्त बताता है तो दूसरा फादर आफ पाकिस्तान। भाजपा भारत के इतिहास से महात्मा गांधी को कभी नहीं मिटा सकती। ‘‘इनको सनमति दे भगवान।’’
हरि प्रसाद पाल / 17 मई, 2019