केन्द्र और गुजरात सरकार समेत प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से चक्रवात से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ : अमित शाह

अहमदाबाद | चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के बाद उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री आज दिल्ली से सीधे कच्छ पहुंचे| गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के साथ अमित शाह ने चक्रवात प्रभावित कच्छ जिले का हवाई निरीक्षण किया| साथ ही शेल्टर होम और अस्पताल में उपचाराधीन लोगों समेत एनडीआरएफ के जवानों से मुलाकात की| बाद में अमित शाह ने पत्रकार परिषद में बताया कि चक्रवाती तूफान के बारे में 6 जून को खबर मिलने के बाद मन में कई आशंका थी, लेकिन आज संतोष के साथ मैं यह कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से लेकर तलाटी समेत निर्वाचित प्रतिनिधियों और प्रशासन ने बेहतर काम किया| उन्होंने कहा कि कम से कम नुकसान के लक्ष्य के साथ काम करने से चक्रवात की आपदा से निपटने में हम सफल हुए हैं| अमित शाह ने कहा कि हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है विस्थापित लोगों को उनके घर पहुंचाना है| सहायता को लेकर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि उसकी एक पेटर्न है और उसेक आधार गुजरात सरकार राहत पैकेज तैयार कर उसकी घोषणा करेगी| फिलहाल बिजली और पानी आपूर्ति की प्रक्रिया युद्धस्तर पर जारी है| उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों समेत एनजीओ ने समय पर मिली सूचना का उपयोग कर जान-माल को किस प्रकार बचाया जाए, इस दिशा में काम किया है| टीम वर्क का उत्तम उदाहरण गुजरात सरकार ने पेश किया है| अमित शाह ने चक्रवात से एक भी मानव मृत्यु नहीं हुई| चक्रवात में केवल 47 लोग घायल हुए हैं| आगामी 20 जून तक चक्रवात प्रभावित सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी| इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री ने मांडवी के उप जिला अस्पताल का भी दौरा किया। चक्रवात से पूर्व जिला प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर गर्भवती महिलाओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमित शाह ने उन सभी माताओं के साथ बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी, जिनका चक्रवात के दौरान प्रसव हुआ था। इसके अलावा, उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं तथा नवजात शिशुओं का हालचाल पूछकर उन्हें अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के विषय में जानकारी ली। गृह मंत्री अमित शाह ने मांडवी-नलिया रोड पर स्थित काठड़ा गांव में आर्य फार्म का दौरा किया। उन्होंने वहां स्थानीय किसानों, किसान संघ के नेताओं और ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनसे फसल नुकसान की जानकारी हासिल की। किसानों ने केंद्रीय गृह मंत्री को अनार और सूखी खजूर की फसल को हुए नुकसान के बारे में बताया। इस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेशभाई पटेल ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चक्रवात के बाद कच्छ की परिस्थिति के विषय में जानकारी दी|