गूगल ने बताया 2024 में भारतीयों ने सबसे ज्यादा क्या क्या सर्च किया

नई दिल्ली । सर्च इंजन गूगल इस साल भारतीय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं द्वारा सबसे ज्यादा सर्च किए गए विषयों की सूची लेकर आया है। गूगल ने बताया है कि रोजाना दुनिया भर से अरबों सर्च किए जाते हैं और उनमें से 15 फीसदी एकदम नए विषय होते हैं। इस साल भारतीयों द्वारा सर्च किए गए विषय काफी आकर्षक रहे। खेल के दीवानों ने आईपीएल से लेकर ओलिंपिक तक सर्च किया। वहीं मनोरंजन पसंद करने वालों ने स्त्री 2 से लेकर कोरियन ड्रामा के साथ-साथ लोकप्रिय भारतीय गानों (जैसे नादानियां) को गूगल पर खूब सर्च किया। इसके साथ मीम्स और विचित्र (जैसे पूकी) शब्दावली को भी खूब सर्च किया गया।
साल 2024 में भारतीय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने विनेश फोगाट से लेकर हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ियों को भी गूगल पर खूब सर्च किया। इसके साथ ही दिवंगत रतन टाटा को भी गूगल सर्च में जगह मिली। सैर-सपाटे के शौकीन लोगों ने इस साल अजरबैजान के बारे में भी सपने देखे और नए विषयों की भी खोज की। इसके अलावा कार्यस्थल पर कैसा व्यवहार रखना है इसका भी पता लगाया। इसके साथ ही जेन जेड बॉस से जुड़े मीम्स भी खूब चलन में रहे।घूमने-फिरने के शौकीन भारतीयों ने इस साल काफी दूर-दराज की यात्रा की। इनमें बाली के समुद्र तट से लेकर अजरबैजान की ऐतिहासिक सड़कें भी इस साल सबसे पसंदीदा स्थल के तौर पर उभरीं। इसके अलावा मनाली के बर्फीले पहाड़ और जयपुर का जीवंत शहर भी रोमांच और सांस्कृतिक पसंद वाले पर्यटकों को खूब रास आया।