8.77 करोड़ जनता का भरोसा सदन पर है इसलिए सही जानकारी देना चाहिए
गुना l जिले के राघौगढ़ से विधायक जयवर्धन सिंह द्वारा विधानसभा में राघौगढ़ कॉलेज से संबंधित पूछे गए सवाल पर मंत्री इंदर सिंह परमार ने गलत जानकारी दे दी। इस पर चिंता जताते हुए जयवर्धन सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि नियमों का पालन करते हुए जवाब देने वाले मंत्री 4 दिनों में या फिर अगले सत्र की कार्यसूची में इसका उल्लेख करते हुए खेद व्यक्त करें।
दरअसल, राघौगढ़ विधायक ने 1 जुलाई 2024 को विधानसभा में प्रश्न पूछा था कि राघौगढ़ डिग्री कॉलेज कब स्थापित हुआ और कौन-कौन से पाठ्यक्रम यहां संचालित हैं। इस पर जवाब देते हुए मंत्री इंदर सिंह परमार ने आरोन महाविद्यालय में संचालित कोर्सेस का हवाला दे दिया। उन्होंने जवाब दिया कि राघौगढ़ कॉलेज में एमएससी फिजिक्स, केमेस्ट्री, एमए राजनीति के विषय संचालित हैं। जवाब गलत पाए जाने पर जयवर्धन सिंह ने शीतलकालीन सत्र में मुद्दा उठाया और विधानसभा में गलत जानकारी देने पर निंदा की है। जयवर्धन सिंह द्वारा ध्यान आकर्षण कराए जाने पर मंत्री ने माना कि त्रुटि हो गई है और इसके लिए दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि वह दो लोग कौन जिम्मेदार हैं, इस बारे में मंत्री ने नहीं बताया। सदन में एक मंत्री द्वारा की गई गंभीर त्रुटि पर विधानसभा अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित कराते हुए जयवर्धन सिंह ने कहाकि विधानसभा में विधान शब्द की गरिमा जुड़ी हुई है। प्रदेश की 8.77 करोड़ जनता का भरोसा और विश्वास जुड़ा हुआ है। इसलिए सदन में सरकार के मंत्री द्वारा विभाग की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए। लेकिन यह सदन के लिए दुर्भाग्य और सरकार के लिए शर्म की बात है कि सदन में वर्तमान सरकार के मंत्री द्वारा राघौगढ़ महाविद्यालय से संबंधित गलत जानकारी दी जा रही है।