नीतीश ने खोया आपा, बोले- तुम लोग कुछ नहीं जानतीं…

बिहार विधान परिषद में विपक्षी महिला नेताओं को लगाई फटकार
पटना । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधान परिषद में विपक्षी महिला नेताओं पर भड़क गए। उन्होंने राज्य में महिला शिक्षा को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के शासनकाल पर सवाल उठाए।
इससे पहले जब सीएम नीतीश कुमार बिहार विधानसभा पहुंचे, तो विपक्षी विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। इसके बाद वे विधान परिषद चले गए, लेकिन वहां भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। विपक्षी नेताओं ने शिक्षा विभाग से जुड़े सवाल उठाए, जिसके बाद नीतीश कुमार ने तीखे तेवर दिखाए। यहां नीतीश आपा खो बैठे और बोले, तुम लोग कुछ नहीं जानती, पहले महिलाएं कहां पढ़ती थीं?
नीतीश कुमार ने तीन महिला विपक्षी सदस्यों को लगभग फटकार लगाते हुए कहा, तुम लोग कुछ नहीं जानती हो। इन लोगों (विपक्ष) ने बना दिया है, इसलिए बोल रही हो। पहले की सरकार (आरजेडी) ने महिलाओं की शिक्षा के लिए क्या किया? पहले महिलाएं प्राथमिक शिक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ देती थीं।
इसी बीच नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए कहा, इनके हसबैंड (लालू यादव) जब टूट गए, तब राबड़ी को मुख्यमंत्री बना दिया गया। महिलाओं के लिए इन्होंने क्या किया? महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए सारे काम हमारी सरकार ने किए हैं।
सदन में जेडीयू-आरजेडी के बीच हुई तीखी बहस
विधान परिषद में नीतीश कुमार ने शिक्षा मंत्री से मजबूती से जवाब देने को कहा। इस दौरान आरजेडी और जेडीयू के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चलते रहे।
नीतीश के बयान से गरमाई सियासत
नीतीश कुमार के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने मुख्यमंत्री पर महिला नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव कितना बढ़ता है।