एक कार्यक्रम में मंच पर दिखाई दिए पिनराई विजयन और शशि थरूर
तिरुवनंतपुरम । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के तिरुवनंतपुरम में 8900 करोड़ की लागत से तैयार विझिनजाम इंटरनेशनल डीप सी-वाटर मल्टीपर्पज सीपोर्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पीएम मोदी ने केरल के सीएम पिनराई विजयन और कांग्रेस सांसद शशि थरूर के मंच पर होने पर कांग्रेस पर तंज कस दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि, मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि आप इंडी गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। शशि जी भी यहां बैठे हैं। आज का यह कार्यक्रम कई लोगों की नींद उड़ाने वाला है। जहां तब यह संदेश जाना था चला गया।
इस दौरान पीएम मोदी ने पोर्ट को देश के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इस पोर्ट को 8,800 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। यहां आने वाले समय में तीन गुना ज्यादा जहाजों का ट्रांस-शिपमेंट होगा सकेगा और अब बड़े-बड़े माल ढोने वाले जहाज भी सीधे भारत आ सकते है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत सरकार ने सागरमाला और गति शक्ति योजनाओं के तहत बंदरगाहों को आधुनिक बनाया है। अब सड़क, रेल, जल और हवाई रास्तों को जोड़ा जा रहा है। इससे व्यापार आसान हुआ है और देश सहित कई राज्यों में निवेश भी बढ़ा है। केरल हमेशा से ही शांति और धर्म सहिष्णुता की धरती रहा है। यहां हजारों साल पहले सेंट थॉमस चर्च बना था। हाल ही में पोप फ्रांसिस का निधन हुआ, जिनके अंतिम संस्कार में भारत के राष्ट्रपति जी भी शामिल हुए।
पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया कि बीते 10 सालों में भारत ने कड़ी मेहनत से बड़ी तरक्की की है। बंदरगाहों की क्षमता दोगुनी हुई, जलमार्ग आठ गुना बढ़े। दो बंदरगाह दुनिया के शीर्ष 30 में हैं और भारत जहाज निर्माण में भी आगे है।
इतना ही नहीं भारत सरकार ने नाविकों के हित में कई बड़े सुधार किए हैं। 2014 में देश में करीब 1.25 लाख नाविक थे, जो अब बढ़कर 3.25 लाख हो गए हैं। अब भारत दुनिया में सबसे ज्यादा नाविक देने वाले तीन देशों में है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की गुलामी से पहले भारत हजारों सालों तक समृद्ध था और दुनिया की अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी रखता था। तब भारत की समुद्री ताकत और बंदरगाहों से होने वाला व्यापार ही हमें खास बनाता था। इसमें केरल की बड़ी भूमिका थी।
इस कार्यक्रम के दौरान अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने पोर्ट से जुड़ा एक स्मृति चिन्ह पीएम मोदी को सौंपा।