मुंबई-पुणे का सफर होगा तेज, जल्द ही दस लेन का हो जाएगा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे

मुंबई । मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे जल्द ही दस लेन का हो जाएगा। बताया गया है कि एक्सप्रेसवे पर वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यह निर्णय लिया गया है। इस संदर्भ में जल्द ही एमएसआरडीसी महाराष्ट्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। दोनों तरफ दो लेन जुड़ने से मुंबई-पुणे का सफर तेज हो जाएगा। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे वर्तमान में छह लेन का है। इसे जल्द ही दस लेन का करने की योजना है। इस परियोजना पर कुल 14,000 करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद है। इससे पहले एमएसआरडीसी ने ट्रैफिक से राहत देने के लिए इसे 8 लेन का करने का फैसला किया था और राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा था। अब इसे आठ की जगह सीधे दस लेन का करने का फैसला किया गया है। इस संबंध में प्रस्ताव अगले दस दिनों में मंजूरी के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा। वर्तमान में इस हाईवे पर चलने वाले वाहनों की संख्या काफी बढ़ गई है। इसके कारण छह लेन वाला हाईवे अपर्याप्त हो गया है। इस बात को ध्यान में रखते हुए एमएसआरडीसी ने दो-दो लेन जोड़ने का फैसला किया है। दरअसल मुंबई से पुणे तक 96 किलोमीटर लंबे इस हाईवे पर फिलहाल कई बार ट्रैफिक जाम देखने को मिलता है। सोमवार से शुक्रवार तक हर रोज औसतन 65 हजार से ज्यादा वाहन दौड़ते हैं। मगर शनिवार और रविवार को यह संख्या काफी बढ़ जाती है और इस रूट पर 1 लाख से ज्यादा वाहन होते हैं। इस बढ़ती ट्रैफिक से निपटने के लिए यह विकल्प ढूंढा गया है।